भटहट। शादीशुदा महिला पर लगातार शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए गुलरिहा थाना क्षेत्र के डुमरी नंबर दो रुषापुर टोला निवासी सूरज चौहान बृहस्पतिवार शाम गांव के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने समझाकर उसे नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया। शुक्रवार को उसका शांति भंग में चालान कर दिया।
सूरज के मुताबिक, करीब नौ महीने पहले महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र की एक महिला से उसकी फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच ऑनलाइन चैटिंग होने लगी और धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ गई। युवक का आरोप है कि महिला शादीशुदा है और उसका पति दुबई में रहता है। वह एक बच्ची की मां है। इसके बावजूद महिला उस पर शादी करने के लिए बार-बार दबाव बना रही थी। युवक का कहना है कि महिला के लगातार दबाव से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से बृहस्पतिवार शाम गांव के पास स्थित टावर पर चढ़ गया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद युवक को टावर से नीचे उतारा। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह के अनुसार, शुक्रवार को युवक का शांति भंग में चालान कर दिया। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों या पूरे मामले में उसकी प्रतिक्रिया अभी नहीं मिल सकी है। शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।