सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव निवासी दीपू चौधरी के बेटे आदेश चौधरी (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांच साल पहले क्रिकेट खेलने के विवाद में सोमवार की शाम हुई वारदात से इलाके में सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में आदेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
मृतक आदेश चौधरी की फाइल फोटो और बगल में रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि पांच साल पहले आरोपियों से क्रिकेट खेलने को लेकर आदेश का विवाद हुआ था। उसका बदला सोमवार को आरोपियाें ने लिया। युवक की मौत की सूचना पर अस्पताल और उसके गांव पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जिला अस्पताल में रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सिकरीगंज प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार को सिकरीगंज के अहिरौली खुर्द गांव निवासी विनोद चौधरी शाम छह बजे बारीपुर चौराहे पर किसी काम से गए थे। वहां गांव के ही आठ से 10 युवकों ने किसी बात को लेकर उन्हें पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि वह सिकरीगंज थाने पर प्रार्थन पत्र लेकर गए, लेकिन पुलिस ने न तो एफआईआर लिखी ना ही कोई कार्रवाई की।
शाम सात बजे विनोद का भतीजा आदेश चौधरी गांव के ही संतोष तिवारी के घर हरि-कीर्तन के भंडारे में गए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी का घर भी ठीक बगल में है। जब आरोपी को यह पता चला कि आदेश के चाचा थाने पर शिकायत लेकर गए थे, तब बदला लेने के लिए भोज में आए आदेश चौधरी पर हॉकी-डंडे से हमला कर दिया। इसी बीच एक आरोपी ने तमंचा निकालकर आदेश के ऊपर कई गोलियां बरसा दीं।
सिकरीगंज में हत्या के बाद रोता बिलखता परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और आदेश को गाड़ी में लेकर जिला अस्पताल के लिए निकल गई। जिला अस्पताल में रात करीब 11 बजे आदेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आदेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। वह आर्किटेक्ट की पढ़ाई कर रहा था। सात अगस्त से उसकी परीक्षा थी। वह इसकी तैयारी में जुटा था। तारामंडल में एक आर्किटेक्ट के ऑफिस में भी वह काम करता था। उसके छोटे भाई अभिषेक चौधरी और विवेक चौधरी ने बताया कि भईया का किसी से विवाद नहीं था।
सोमवार को मुंबई से आए थे पिता
सोमवार को कुशीनगर एक्सप्रेस से आदेश के पिता दीपू चौधरी सुबह 11 बजे घर पहुंचे थे। उनके पहुंचने की घर में खुशी मनाई जा रही थी। तभी रात होते-होते घर में मातम छा गया। दीपू के पिता जिला अस्पताल में आदेश के शव से लिपटकर रो रहे थे, वह उसे मोर्चरी में नहीं जाने देना चाह रहे थे।
एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मारपीट में एक युवक को गोली मारी गई। इसमें उसकी मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापा मार रही है।