पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के रेल विहार कॉलोनी में बुधवार को घर के सामने होली खेल रहे दिव्यम मिश्र पर बाइक सवार मनबढ़ों ने हमला कर दिया। गाली-गलौज करने से मना करने पर आरोपियों ने उसे ईंट और डंडे से पीटकर सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जबकि आरोपी अपनी तीन बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले।
दिव्यम के पिता जितेंद्र कुमार मिश्रा ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनका बेटा दिव्यम घर के सामने कुछ दोस्तों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान पांच बाइकों पर सवार 10 से 12 युवक वहां पहुंचे और मकान के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करते हुए शोर मचाने लगे। जब दिव्यम ने गाली-गलौज करने से मना किया तो मनबढ़ युवकों ने उससे विवाद करना शुरू किया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। आरोप है कि उन्होंने ईंट और डंडे से दिव्यम के सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस ने बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।