कोरोना वायरस टीकाकरण। (फाइल फोटो)
- फोटो : pti
गोरखपुर में कोविड टीकाकरण के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में जहां लोग स्लॉट नहीं बुक कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिले के 25 से 30 प्रतिशत युवा ऐसे हैं, जो स्लॉट बुकिंग के बाद भी बूथों पर टीका लगवाने नहीं पहुंच रहे हैं।
इसकी वजह से दूसरों को भी स्लॉट बुक करने का मौका नहीं मिल पा रहा है। ऐसा करने वाले सर्वाधिक 18 से 44 वर्ष के बीच के लोग हैं। यही वजह है कि बूथों पर टीकाकरण का टारगेट तक नहीं पूरा हो पा रहा है। इसे रोक पाना विभाग के लिए चुनौती हो गई है।
स्थिति यह है कि सप्ताह में सातों दिन के स्लॉट एक दिन में ही बुक हो जा रहे हैं। दो घंटे के अंदर करीब 30 से 35 हजार स्लॉट की बुकिंग हो रही है। खास बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्लॉट की बुकिंग शहरी क्षेत्रों के लोग कर रहे हैं। लेकिन वह बूथों पर पहुंच नहीं रहे हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने कहा कि स्लॉट बुकिंग ऑनलाइन तरीके से हो रही है। इसमें विभाग कुछ नहीं कर सकता है। युवा स्लॉट बुक करने के बाद भी बूथों नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से अन्य लोगों को मौका नहीं मिल पा रहा है। अपील की जा रही है कि जो लोग स्लॉट बुक करा रहे हैं, वे टीका लगवाने जरूर पहुंचे।