महावीर छपरा/कसीहार। भौवापार स्थित मुंजेश्वरनाथ शिव मंदिर के सरोवर में दोस्त की डूबकर मौत के बाद युवक गहरे सदमे में आ गया। डूबते समय उसने दोस्त को बचाने की कोशिश की थी। युवक के बार-बार बेहोश होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के बगही गांव निवासी सूरज निषाद (18) बुधवार को अपने दोस्तों के साथ मुंजेश्वरनाथ शिव मंदिर के सरोवर पर गया था। उसी दौरान उसका मित्र शिवम गुप्ता (17) नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय सूरज अपने मोबाइल से रील बना रहा था। शिवम को पानी में डूबते देख उसने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और सरोवर में कूद पड़ा, लेकिन तब तक शिवम गहराई में समा चुका था। काफी प्रयास के बावजूद वह अपने दोस्त को नहीं बचा सका।
बताया जा रहा है कि आंखों के सामने दोस्त की मौत और उसे बचा न पाने का दर्द सूरज सहन नहीं कर सका। घटना के कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बार-बार बेहोश होने लगा। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से युवक मानसिक रूप से बेहद व्यथित है।