पाली। सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 परशुराम नगर निवासी तीन युवक मंगलवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा जनपद संतकबीर नगर के मेंहदावल कस्बे के पास हुआ। घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने दो की हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान विशाल चौधरी (18) ने दम तोड़ दिया। जबकि साथी अभिषेक चौधरी की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, विशाल चौधरी अपने चचेरे भाई अभिषेक चौधरी और चौरीचौरा के खजुहा निवासी रिश्तेदार अमित चौधरी के साथ मंगलवार को मेंहदावल थाना क्षेत्र के पंडितपुरवा गांव में रिश्तेदारी में गए थे। वापसी में कस्बा मेंहदावल पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में विशाल के सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिषेक और अमित के सिर व सीने में गहरी चोट लगी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए संतकबीरनगर जिला अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने विशाल और अभिषेक को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बीआरडी में इलाज के दौरान विशाल की मौत हो गई। संतकबीरनगर जिला अस्पताल में घायल अमित का इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि विशाल के पिता जवाहर चौधरी का निधन करीब तीन माह पहले बीमारी के कारण हुआ था। विशाल उनका बड़ा बेटा था। निधन से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। विशाल की मां विंध्यवासिनी देवी, दादी विरंजना देवी, बाबा सत्यनारायण चौधरी, छोटे भाई विनय और दो छोटी बहनें प्रतिमा व संगम का रो-रोकर बुरा हाल है।