देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के अखनपुरा गांव में पड़ोस के एक युवक द्वारा कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ डालकर पिलाने से साथी युवक की सोमवार भोर में इलाज के दौरान गोरखपुर में मौत हो गई है। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही हैं।
युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था। ऊधर, शव का पंचनामा भरकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
अखनपुरा गांव निवासी सत्यनारायण चौहान दुबई में नौकरी करते हैं। पत्नी बीरमती देवी अपने दो बेटो के साथ घर रह रही थी। आरोप है कि शनिवार की शाम को पड़ोस का साथी युवक उसके बड़े बेटे सागर चौहान (22) को बुलाकर गांव के बागीचे में ले गया। वहां कोलड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया।
घर आते ही सागर उल्टी करने लगा। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार भोर में उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मां बीरमती देवी और छोटे भाई संगम बदहवास हैं। ऊधर, दुबई में रह रहे पिता को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही हैं। एसओ जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों का आरोप है कि जहरीला पदार्थ पिलाया गया है। तहरीर मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।