भटहट। गुलरिहा थाना क्षेत्र के कर्महा खुर्द गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी स्कूली बस में बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के सोलापुर जनपद के सांगोला थाना क्षेत्र निवासी योगेश खटखड़े (35) महराजगंज जनपद के सिसवा स्थित कोठीबारी थाना क्षेत्र में एक दुकान संचालित करते थे। शनिवार को वह सिसवा से गोरखपुर अपने एक साथी से मिलने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गुलरिहा थाना क्षेत्र के कर्महा खुर्द उर्फ कौलहा गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी एक स्कूली बस में उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय स्कूली बस सड़क पर खड़ी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।