गोला। उरुवा थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द निवासी बेचू ने रुपये चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने की शिकायत पुलिस से की है। उसकी तहरीर पर गोला पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बेचू ने बताया कि 19 अगस्त को वह खड़हर देव निवासी रामबचन और नायक परसा निवासी नायक के साथ सहड़ौड़ाड़ गांव में ट्रक से गिट्टी उतारने गया था। वहां उसने नायक से सुर्ती मांगी। नायक ने अपनी जेब से सुर्ती निकालने को कहा। सुर्ती निकालकर दोनों ने खाई। करीब 10 मिनट बाद नायक ने बेचू पर जेब से पांच हजार रुपये निकालने का आरोप लगाकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सहड़ौड़ाड़ निवासी सुनील सिंह और तीन अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।