गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के लुहसी गांव में सोमवार दोपहर ब्रह्मा यादव (40) पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। लहूलुहान में ब्रह्मा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
पुलिस के हाथ आरोपी का मोबाइल फोन लग गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी की घर से एक महिला से युवक की गहरी दोस्ती है। परिवार वालों को यह पसंद नहीं है, इसी के विरोध में वारदात की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र ग्राम विशुनपुरा निवासी ब्रह्मा यादव चेन्नई में रहकर शटरिंग का ठेका लेकर काम कराता है। वह तीन साल से चेन्नई में ही था। रविवार को अपने गांव आया था। सोमवार को साइकिल से बाल कटवाने के लिए घर से निकला था। पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम लुहसी के प्राथमिक विद्यालय व पशु चिकित्सालय के सामने से गुजरते समय बाइक सवार बदमाशों ने रोककर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
विरोध करने पर धारदार हथियार व ईंट से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। गर्दन व पीठ पर चाकू के वार से ब्रह्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर बचाव करने आए पशु चिकित्सक पर भी आरोपी हमलावर हो गए और दौड़ा लिए। बाद में शोर सुनकर गांव वाले एकत्र होने लगे तो आरोपी फरार हो गए।
इस बीच एक आरोपी का मोबाइल फोन गिर गया। जिसे पुलिस कब्ज में लेकर मामले की जांच कर रही है। एसओ सूरज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला से दोस्ती के विरोध में हमला करने की बात सामने आई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।