गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में लड़की से फोन पर बातचीत करने को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने युवक को लाठी-डंडे, रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से पीटा। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने करीब एक घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
उनके पास से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल की चेन बरामद की गई है। सोमवार दोपहर बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्रेडाड़ गांव निवासी किशन, ऋषिकेश उर्फ खुशबू और यश के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ सिकरीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को एक गांव निवासी महिला की बेटी से किशन की फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर पूछताछ की गई तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद किशन समेत तीनों आरोपियों ने महिला के बेटे पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में युवक को लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और बाइक की चेन से पीटे जाने का आरोप है।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि घटना के करीब एक घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और बाइक की चेन चेन बरामद हुई है।