गोला तालाब में डूबने से मौत में- श्वेता। फाइल फोटो
राजगढ़। गोला थाना क्षेत्र के तेंदुहानी गांव में रविवार को मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 20 वर्षीय युवती की तालाब में डूबने से मौत हो गई। उसका शव पड़ोसी गांव गंगवल के पास स्थित तालाब में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुहानी गांव निवासी हीरालाल की बेटी श्वेता कुमारी को रविवार सुबह घर में खाना बनाने को लेकर मां ने डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर श्वेता घर से बाहर निकल गई। परिजन को लगा कि वह कुछ देर में लौट आएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह वापस नहीं आई। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे।
बेटी का पता नहीं चलने पर मां खुद उसकी तलाश में घर से निकली। आसपास के लोगों से पूछताछ और खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि श्वेता गंगवल गांव के पास स्थित तालाब में डूब गई है। यह सुनते ही मां के होश उड़ गए। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में तालाब के पास पहुंचे। वहां युवती की मौत की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर जांच की जा रही है।