गोरखपुर के खोराबार इलाके के जंगल रामलखना केवटान टोला में आयोजित समारोह में आए आर्केस्ट्रा में एक युवक तमंचा लहराकर खूब डांस किया। इस दौरान कोविड-19 से बचाव के किसी भी उपाय का प्रयोग नहीं किया गया। गुरुवार को डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने व अधिकारियों के संज्ञान में आने पर पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार के जंगल रामलखना में मंगलवार की रात एक शादी समारोह में आर्केस्ट्रा आया हुआ था। आर्केस्ट्रा में एक महिला डांसर डांस कर रही थी। नीचे कई युवक डांस कर रहे थे। इस दौरान एक युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए डांस करने लगा। डांस के दौरान किसी युवक ने भी न तो मास्क लगाया था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा था। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।
मामला रामनगर कडजहां पुलिस चौकी तक पहुंचा। चौकी इंचार्ज ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की तो सही पाया। जांच में आया कि तमंचा लहराने वाले युवक का नाम भी पता चल गया। लेकिन दो दिन बाद भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई।
अब पुलिस तमंचा लहराने के आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज रामनगर कडजहां चंदन सिंह ने बताया कि युवक की पहचान हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं एडीजी अखिल कुमार ने कहा कि वायरल वीडियों की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।