झंगहा। क्षेत्र के करौता निवासी ज्वालानंद गौंड उर्फ डायमंड को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को पीएचसी ब्रह्मपुर ले गई। वहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। इसमें खोखा फंसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करौता निवासी बिकाऊ ने बताया कि उनका बेटा ज्वालानंद शाम को घर के बगल में चाचा के घर गया था। वहां से शाम सात बजे घर आने के लिए निकला। इसी बीच रास्ते में उसके पेट में गोली लग गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में घायल युवक समेत परिजन यह नहीं बता पाए कि गोली किसने मारी। जिस जगह युवक के पेट में गोली लगी, पुलिस ने उसके पास से तमंचा भी बरामद किया।
युवक के परिजनों की तरफ से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है और न ही थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल युवक को लेकर पुलिस मेडिकल काॅलेज गई है। गोली कैसे लगी, किसने चलाई, झंगहा पुलिस इसकी जांच कर रही है। मौके से बरामद तमंचा भी अवैध है।