कोरोना वायरस को हल्के में लेने वाले युवा अगर सचेत नहीं हुए, तो यह वायरस उनके लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण भाजपा के 34 वर्षीय युवा नेता की मौत हो गई। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया। इस बीच आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई।
घटना बुधवार की है। इस बीच जांच रिपोर्ट के कारण शव घंटों मेडिकल कॉलेज में पड़ा रहा। देर रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। भाजपा नेता को बीआरडी में भर्ती कराने वाला पार्षद क्वारंटीन हो गए है। जबकि उनका शव बृहस्पतिवार को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक भाजपा के महानगर के बिस्मिल (राप्तीनगर) मंडल के महामंत्री रहे 34 वर्षीय युवक की तबीयत तीन दिन से खराब थी। उन्हें सर्दी, बुखार और गले में दर्द की शिकायत थी। बुधवार तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन शहर के मेडिकल कालेज रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां से लक्षण देखने पर डॉक्टरों ने तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें लेकर सुबह 10.30 बजे बीआरडी पहुंचे। डॉक्टरों ने कोरोना के लक्षण देखें। उन्हें मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया। इस बीच आधे घंटे बाद 11 बजे उनकी मौत हो गई। मौत से करीब 10 मिनट पहले कर्मचारियों ने उनका सैंपल जांच के लिए निकाला था। परिजन जांच रिपोर्ट के बगैर शव ले जाने को तैयार नहीं थे। बीआरडी प्रशासन देर शाम तक जांच रिपोर्ट नहीं दे सका।
इसकी वजह से भाजपा नेता का शव कोरोना वार्ड में फ्रीजर में पड़ा रहा। इसकी सूचना नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को दी गई। सूचना मिलने के बाद वह बीआरडी पहुंचे और उन्होंने प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार से बात की। देर रात भाजपा नेता की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद हड़कंप मच गया। भाजपा नेता को बीआरडी में भर्ती कराने वाला पार्षद क्वारंटीन हो गया। परिवार में मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने बृहस्पतिवार को शव ले जाने की बात कही है। इस पर पर बीआरडी प्रशासन तैयार हो गया।
34 साल के भाजपा युवा नेता की मौत कोरोना की भयावता को दिखा रहा है। कोरोना को लोग हल्के में ले रहे हैं। इस वायरस की गंभीरता को समझाने की जरूरत है। लोग घरों से जरूरी हो तभी निकले। अगर घरों से निकल रहे हैं, तो मास्क लगाएं और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। घर जाते ही हाथ साबुन से धुलें। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो यह वायरस जानलेवा साबित हो सकती है।
-डॉ आरएमडी अग्रवाल, नगर विधायक
भाजपा नेता की तबीयत ज्यादा खराब थी। कोरोना वायरस के कारण उनकी जान गई है। किसी को अगर बुखार और खासी सहित अन्य लक्षण दिख रहे हैं, तो ऐसे लोग लापरवाही बिल्कुल न करें और डॉक्टरों की सलाह पर ही दवा का सेवन करें।
-डॉ गणेश कुमार, बीआरडी प्राचार्य