सीएम योगी ने कहा कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कामनवेल्थ में पदक विजेता प्रदेश के खिलाड़ियों को भारी पुरस्कार राशि दिए जाने की व्यवस्था की गई है। ओलंपिक एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडलिस्ट को छह करोड़, रजत पदक विजेता को चार करोड़ तथा कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपये दिए जाने की व्यवस्था बनाई गई है। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को 10 लाख अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में युवक व महिला मंगल दलों के जरिये ग्रामीण खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराया जा रहा है। अबतक हजारों गांवों में स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, कुछ नया करने व सीखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आप सभी प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़कर प्रतिभाग करें, केंद्र व राज्य सरकार हर प्रकार का सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।
वैश्विक स्तर के खिलाड़ी तैयार करने का मंच बन रहा सांसद खेल महाकुंभ
सीएम योगी ने कहा कि सांसद खेल महाकुंभ से गांव-गांव खिलाड़ियों की नई पौध तैयार हो रही है। एक-एक संसदीय क्षेत्र में दो से ढाई हजार तक नए खिलाड़ी तैयार हुए हैं। प्रदेश के 80 संसदीय क्षेत्रों में यह संख्या करीब दो लाख तक होगी। सांसद खेल महाकुंभ वैश्विक स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का मंच बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुए खेलो इंडिया व फिट इंडिया अभियान का परिणाम है कि गांव गांव खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। प्रदेश के हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। सांसद खेल महाकुंभ के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुश्ती व वालीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला देखा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सीएम ने अलग अलग स्पर्धाओं में व विजयी व उप विजेता टीमों के कप्तानों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता मार्कण्डेय राय के पिता व माता स्मृति शेष रामनरेश राय व गंगा देवी की प्रतिमा का भी अनावरण किया। समारोह में स्वागत संबोधन बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने किया। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक राजेश त्रिपाठी, डॉ. विमलेश पासवान, विपिन सिंह, एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, मार्कण्डेय राय समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ियों व लोगों की सहभागिता रही।