फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली सीएम योगी की विजयादशमी शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

Tue, 20 Oct 2026 06:24 PM IST
अनुराग रंजन अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

गोरखनाथ मंदिर से शोभायात्रा आगे बढ़ने पर मुस्लिम और बुनकर समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी कैफुलवरा ने माल्यार्पण कर गोरक्षपीठाधीश्वर का अभिनंदन किया।
विज्ञापन
विजयादशमी यात्रा में शामिल सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को गोरखपुर में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारंपरिक विजयादशमी शोभायात्रा निकाली गई। गोरखनाथ मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों, तुरही, नागफनी और डमरू की गूंज के बीच मानसरोवर मंदिर होते हुए मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुस्लिम, बुनकर और सिंधी समाज के लोगों ने भी शोभायात्रा का अभिनंदन किया। रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया और प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण व हनुमानजी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।

गुरु गोरखनाथ की पूजा के बाद रथ पर सवार हुए सीएम योगी

विज्ञापन

नाथ संप्रदाय की परंपरा के अनुसार विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान के बाद शोभायात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह महंत के पारंपरिक परिधान में फूलों से सजे विशेष रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। नाथपंथ के पारंपरिक वाद्ययंत्रों और बैंड-बाजे की धुन के बीच यात्रा आगे बढ़ी। हनुमान दल के बालकों ने भी अपने करतब दिखाए। रास्ते के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे।

मुस्लिम और बुनकर समाज ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
गोरखनाथ मंदिर से शोभायात्रा आगे बढ़ने पर मुस्लिम और बुनकर समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी कैफुलवरा ने माल्यार्पण कर गोरक्षपीठाधीश्वर का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया और उन्हें शारदीय नवरात्र के अनुष्ठान का प्रसाद दिया।

चौधरी कैफुलवरा के मुताबिक, उनका परिवार कई पीढ़ियों से गोरक्षपीठाधीश्वर की विजयादशमी शोभायात्रा का स्वागत करता आ रहा है। इसके बाद बुनकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सदस्य जुनैद अहमद अंसारी, अजीजुल हई समेत अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान आसपास के मकानों से महिलाएं और बच्चे भी शोभायात्रा की तस्वीरें लेते नजर आए।

सिंधी समाज ने भी बरसाए फूल

विज्ञापन

श्री झूलेलाल मंदिर के पास सिंधी समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। शोभायात्रा के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से माहौल गूंजता रहा।

मानसरोवर मंदिर में किया महादेव का अभिषेक
शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंची तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में स्थापित देव विग्रहों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का अभिषेक भी किया। इसके बाद रामलीला मैदान के बाहर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

भगवान श्रीराम का राजतिलक कर उतारी आरती
मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यहां चल रही रामलीला के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया। इसके बाद प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमानजी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसके साथ ही गोरक्षपीठ की विजयादशमी की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां संपन्न हुईं।

लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विजयादशमी शोभायात्रा के स्वागत के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 10 लोक कलाकारों के दलों ने अलग-अलग स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इनमें शंख वादन, बधावा नृत्य, पाई डंडा, लोक नृत्य, मयूर नृत्य, फरुवाही, देढ़िया, रास और जनजातीय नृत्य शामिल रहे अयोध्या, बांदा, सोनभद्र, मथुरा, प्रयागराज और गोरखपुर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक दिखाई। शोभायात्रा मार्ग पर इन प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें