फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्व हीमोफीलिया दिवस: नाक से न बंद हो खून, जोड़ों में हो दर्द तो कराए हीमोफीलिया की जांच

Sun, 17 Apr 2022 11:46 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हीमोफीलिया के 262 मरीज पंजीकृत हैं। इन मरीजों में 80 से 85 प्रतिशत मरीजों को फैक्टर आठ लगाया जाता है। जबकि, 15 से 20 प्रतिशत मरीजों को फैक्टर नौ लगाया जाता है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर सामान्य खरोंच लगने पर भी रक्तस्राव बंद न हो, नाक से खून बहना न रुके और जोड़ों में तेज दर्द हो तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए। आप हीमोफीलिया से ग्रस्त हो सकते हैं। ऐसे में बिना देर किए इसकी जांच कराएं। जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इसकी जांच और इलाज दोनों मुफ्त है।

विज्ञापन


जिला अस्पताल के डॉ. बी के सुमन ने बताया कि रक्तस्राव संबंधित इस आनुवांशिक बीमारी के लक्षणों में दांत निकालते समय या रूट कैनाल थेरेपी में अत्यधिक खून बहना, जोड़ो में सूजन या असहनीय पीड़ा होना, बच्चों के दांत टूटने व नये दांत निकलने में मसूड़े से लगातार रक्तस्राव और पेशाब के रास्ते खून बहना जैसे लक्षण शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में हीमोफीलिया का लक्षण दिखने पर खून की निशुल्क जांच कराई जाती है। अगर इसकी पुष्टि होती है तो मरीज को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता है। इलाज के दौरान अगर ब्लड फैक्टर फ्यूजन की आवश्यकता होती है तो जिला अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क है। इस बीमारी का संपूर्ण उपचार तो नहीं है, लेकिन जिस फैक्टर की कमी होती है उसे देकर मरीज के जीवन की रक्षा की जाती है।
विज्ञापन


 

विज्ञापन

बताया कि खास सावधानियां बरत कर और हीमोफीलिया प्रतिरोधक फैक्टर के जरिये इस बीमारी को नियंत्रित किया जाता है। इस बीमारी में आंत या दिमाग के हिस्से में होने वाले रक्तस्राव से जान भी जा सकती है। जोड़ो में सूजन के साथ जब इस बीमारी में अक्सर दर्द होता है तो यह आंतरिक रक्तस्राव के कारण होता है, जो आगे चल कर दिव्यांगता में परिवर्तित हो सकता है। यह बीमारी दो प्रकार की होती है। जिन लोगों में रक्त का थक्का जमाने वाले फैक्टर आठ की कमी होती है, उन्हें हीमोफीलिया ए होता है और जिनमें फैक्टर नौ की कमी होती है, उन्हें हीमोफीलिया बी होता है।

मरीज में जिस फैक्टर की कमी होती है, उसे इंजेक्शन के जरिये नस में दिया जाता है, ताकि रक्तस्राव न हो। इसके मरीजों के लिए सही समय पर इंजेक्शन लेना, नित्य आवश्यक व्यायाम करना, दांतों के बारे में शिक्षित करना, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी जैसी बीमारियों से बचाना आवश्यक है ।

नवजात में नहीं हो पाती हीमोफीलिया की पहचान

जिला महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ अजय देवकुलियार का कहना है कि नवजात में हीमोफीलिया की पहचान नहीं हो पाती है, लेकिन जब वह दो से तीन महीने के हो जाते हैं तो पहचान हो जाती है। ऐसे बच्चों का जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज होता है। हीमोफीलिया और इसके जैसे रक्तस्राव संबंधित विकारों से बचाव के लिए विटामिन-के का इंजेक्शन सभी नवजात को लगाया जाता है। यह इंजेक्शन सभी राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क है ।

262 मरीज हीमोफीलिया के

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हीमोफीलिया के 262 मरीज पंजीकृत हैं। इन मरीजों में 80 से 85 प्रतिशत मरीजों को फैक्टर आठ लगाया जाता है। जबकि, 15 से 20 प्रतिशत मरीजों को फैक्टर नौ लगाया जाता है। इनके अलावा एक हजार मरीजों में एक मरीज को फैक्टर सात लगाया जाता है। इस फैक्टर के मरीज जिले में न के बराबर हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें