भारत भीम जनार्दन सिंह और रवींद्र सिंह की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज शुक्रवार को खजनी के द्रौपदी देवी इंटर कॉलेज में हुआ। पहले दिन महिला वर्ग के 59 किलोभार वर्ग में मेरठ की श्वेता विजयी रहीं। मुरादाबाद की अंजलि उपविजेता और संतकबीर नगर की निधि तीसरे स्थान पर रहीं। 76 किलोभार वर्ग में नंदिनी नगर की सोनिया ने बाजी मारी। दूसरा स्थान पूर्वोत्तर रेलवे की अंशु को मिला। कानपुर की वर्षा राजे ने तीसरा स्थान हासिल किया।
68 किलो में आजमगढ़ की सेजल प्रथम, कानपुर की कल्पना राय द्वितीय और बलिया की सुरभि सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग के 57 किलोभार वर्ग में गोंडा के विशाल विजेता बने।
मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दीप जलाकर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बेहतर जीवन के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य भी जरूरी है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए खेलना बहुत जरूरी है। जो इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। अपना समर्पण दें। आयोजक आदित्य प्रताप सिंह आगू और यूपी कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इसके पूर्व 50 किलोभार वर्ग में मुजफ्फरनगर की सविता, मथुरा की स्वाति और अयोध्या की पारूल, 72 किलो में मथुरा की लक्ष्मी पांडेय, अयोध्या की हर्षिता और गौतमबुद्ध नगर की मालविका पांडेय, 65 किलोभार वर्ग में नंदिनीनगर की नंदिनी, मुरादाबार की समीक्षा और कानपुर की जिविशा क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे पायदान पर रहे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 700 महिला और पुरुष पहलवान शामिल होंगे। इस दौरान पन्नेलाल यादव, चंद्रविजय सिंह, मायाशंकर शुक्ला, दिनेश सिंह, धीरज सिंह हरीश, गिरिवर मिश्र, विशाल सिंह, श्रवण सिंह, रत्तू श्रीवास्तव, मनीष सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
दर्शकों ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों ने पहलवानों का खूब हौसला बढ़ाया। हर मैच के दौरान दर्शक कभी ‘पकड़ पकड़’ तो कभी ‘धई के चाप दे’ बोलकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।