युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने मानव तस्करी और जबरन श्रम की धारा में की कार्रवाई
चिलुआताल की युवती की मां ने चार लाख रुपये लेकर हरियाणा में की थी शादी, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चिलुआताल इलाके की बेटी का चार लाख में सौदा करके हरियाणा में जबरन शादी करने वाली मां और उसकी सहेली पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। शुक्रवार को युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने मानव तस्करी और जबरन श्रम कराने का आरोपी बनाया है। युवती को वन स्टॉप सेंटर में भेजा गया है।
उधर, आरोपी मां ने पुलिस को बयान दिया है कि उसकी शादी धूमधाम से हुई थी और एक युवक से प्रेम संबंध होने की वजह से बेबुनियाद आरोप लगा रही है। फिलहाल, पुलिस केस दर्ज कर तथ्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर है कि शनिवार को युवती का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल में रहने वाली युवती ने बुधवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर प्रार्थनापत्र दिया था। युवती का आरोप है कि वह अपनी मां के साथ चिलुआताल के महेसरा में आसरा आवास में रहती है। बगल में ही रहने वाली एक महिला गरीबी का फायदा उठाकर लड़कियों की हरियाणा में शादी कराती है।
बताया कि मां ने उसी सहेली के जरिये मेरी शादी कर दी। चार लाख रुपये लेकर मेरा सौदा कर दिया गया और शादी करके हरियाणा चली गई। वहां पर जाने के बाद पता चला कि उसे बेचा गया है। किसी तरह वहां से भागकर वह बस से गोरखपुर आ गई। युवती का कहना है कि यहां आने पर यकीन हो गया है कि इसी तरह से कई लड़कियों को शादी के नाम पर बेचा गया है।
पुलिस ने युवती की मां का बयान दर्ज किया तो उसने 22 नवंबर को शादी होने की बात कही थी। उसने बेटी पर ही गलत आरोप लगा दिया था। पुलिस ने युवती को खोज निकाला और शुक्रवार को थाने में 161 का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने आरोपों को सही बताया। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
.........
युवती के बयान व तहरीर के आधार पर चिलुआताल थाने में मां और सहयोगी पर केस दर्ज कर लिया गया है। युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। शनिवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ