बड़हलगंज। रामजानकी मार्ग पर मुजौना गांव के पास मंगलवार सुबह युवक मदद के बहाने बाइक पर बैठाकर महिला को ले गया और उसका मंगलसूत्र छीन कर भाग निकला। महिला देवरिया से अपने मायके जा रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़हलगंज पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
देवरिया जिले के समदा गांव निवासी मालती पांडेय मंगलवार सुबह अपने मायके कोहड़ाभावर गांव जाने के लिए निकली थीं। उन्होंने बताया कि पटनाघाट-कपरवार पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद होने के कारण वह कपरवार घाट पुलिस चौकी के पास खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचा और पुल पार कराने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया।
महिला के मुताबिक, पुल पार करने के बाद युवक ने बड़हलगंज जाने की बात कही और रास्ते में उन्हें मायके तक छोड़ने का भरोसा दिया। मुजौना गांव के पास उसने लिंक रोड के किनारे बाइक रोक दी। युवक ने महिला से कहा कि वह अपनी जमीन देखकर आता है। इसके बाद युवक बाइक लेकर वापस महिला के पास आया। आरोप है कि मौका पाकर उसने महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और बाइक तेज गति से दौड़ाते हुए भाग निकला। अचानक हुई घटना से महिला कुछ देर के लिए घबरा गई।
घटना के बाद महिला ऑटो से पिड़हनी पहुंची और मायके वालों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।