- पार्क रोड पर सात नवंबर को हुई घटना, एसपी सिटी के आदेश पर जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पार्क रोड पर ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला की सोने की चेन चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के करीब दो माह बीत जाने के बावजूद कैंट पुलिस ने प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की। अब एसपी सिटी मामले की जांच करा रहे हैं।
दीवान बाजार निवासी व्यापारी अविनाश गुप्ता की पत्नी मंदाकिनी सात नवंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे घरेलू काम से पार्क रोड गई थीं। काम निपटाने के बाद वह ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। ई-रिक्शा में उनके बगल में एक अन्य महिला भी बैठी थी, जो हरिओमनगर के पास उतर गई। उस दौरान मंदाकिनी को किसी तरह की अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।
घर पहुंचने के बाद जब मंदाकिनी ने अपने गले की ओर ध्यान दिया तो सोने की चेन गायब मिली। इस पर वह घबरा गईं और तुरंत पति को जानकारी दी। इसके बाद दोनों कैंट थाने पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर उन्हें टाल दिया। इसके बाद पुलिस टालमटोल करती रही। 13 जनवरी को अविनाश गुप्ता ने एसपी सिटी अभिनव त्यागी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वह थवई पुल के पास कांच की दुकान चलाते हैं और इस चोरी की घटना से उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।