उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिपराइच इलाके के जंगल धूसड़ के बड़ी रेतवईयां गांव में प्रेम में पागल एक महिला ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उसने तकिया से पति का मुंह व नाक दबाकर हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिपराइच के बड़ी रेतवईयां निवासी स्व. मुन्ना चौहान के बेटे मुकेश (32) की शादी करीब 11 साल पहले महराजगंज जिले के पनियरा निवासी खुशबू चौहान से हुई थी। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसके दो छोटे बच्चे रोहन (6) व छोटू (4) हैं।
पुलिस के अनुसार रात में खाना खाने के बाद पति-पत्नी व बच्चे सो गए थे। गुरुवार की भोर में खुशबू ने अपने ही पति मुकेश के नाक व मुंह को तकिये से दबाकर मार डाला। फिर सोने का नाटक कर सो गई। सुबह उठी और घर का काम करने लगी। जब बच्चे सो कर उठे तो उन्होंने पिता को मृत देखा। बच्चों ने अन्य घरवालों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।