पादरी बाजार (गोरखपुर)। माता-पिता का साया सिर से उठ चुका है और परिवार के नाम पर सिर्फ 95 वर्षीय बुजुर्ग बाबा का सहारा है। सात साल पहले कोर्ट मैरिज कर नई जिंदगी शुरू करने का सपना देखने वाली महिला का आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही उसे दहेज उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। प्रताड़ना से परेशान महिला ने अब शाहपुर थाने में पति समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शाहपुर क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह-सात साल पहले उसने बड़हलगंज के मऊ बुजुर्ग मदारिया निवासी अनूप दुबे से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले दहेज में कार, रुपये और सोना नहीं लाने का ताना देने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मर जाने तक की बात कही जाती थी।
महिला के मुताबिक, उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। उसने मोबाइल में प्रताड़ना से जुड़े सबूत सुरक्षित रखे थे, लेकिन जानकारी होने पर आरोपियों ने फोन तोड़ दिया और स्त्रीधन भी छीन लिया। विरोध करने पर जान से मरवाने की धमकी दी गई। पति भी प्राथमिकी दर्ज कराने पर कुछ नहीं बिगाड़ पाने की बात कहकर धमकाता था।
महिला ने बताया कि वह अपने 95 वर्षीय बाबा के साथ रह रही है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि शिकायत पर अनूप दुबे समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।