गगहा (गोरखपुर)। गोरखपुर के कौड़ीराम स्थित रिया अस्पताल में सोमवार रात कथित चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। बांसगांव थाना क्षेत्र के मड़ई गांव निवासी सोनी (32) पत्नी कमलेश की प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऑपरेशन थिएटर सील कर दिया।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के कुछ ही समय बाद ही सोनी को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल के डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया। जब हालत ज्यादा खराब हो गई तब आनन-फानन में उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही सोनी की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका अपने पीछे नवजात शिशु समेत चार बच्चों को छोड़ गई है। महिला की मौत से आक्रोशित परिजन मंगलवार सुबह शव के साथ रिया अस्पताल पहुंचे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही गगहा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी का कहना है कि मामले की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा बवाल, ऑपरेशन थिएटर सील
रीया की मौत ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की लेकिन गगहा पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से करीब दस मिनट में स्थिति नियंत्रित कर ली गई और जाम समाप्त करा दिया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रमोद मिश्रा, एआरओ एसएन शुक्ला तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष वर्मा ने रिया अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच के बाद अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया।