गोरखपुर जिले के पिपराइच के चिउटहा गांव के पास बृहस्पतिवार को कार के पेड़ से टकरा जाने से महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के पति समेत दो लोग घायल हैं। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। महिला की पहचान महराजगंज के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी गंगा देवी (40) पत्नी रामचंद्र सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक रामचंद्र पत्नी के साथ गोरखपुर रिश्तेदारी में आए थे। लौटते समय उनकी कार चिउटहा गांव के पास पेड़ से टकरा गई। हादसे में रामचंद्र, पत्नी गंगा देवी और एक अन्य घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां शाम को गंगा देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।