- 2020-21 में सामने आए थे 101 मामले, विदेश जा चुके आरोपियों को जारी हुआ था लुक आउट नोटिस
- बैंकाक से वापस आने के दौरान लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया राहुल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। फर्जी पासपोर्ट पर बैंकाक गया गोरखपुर के गगहा का रहने वाला राहुल शाही वापसी में लखनऊ एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, उसने खलीलाबाद के पते पर रुद्र प्रताप के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था।
बताया जा रहा है कि साल 2020-21 में फर्जी पासपोर्ट बनवाने के 101 मामले सामने आए थे। जाच में इनमें विदेश जा चुके लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। राहुल समेत इस मामले में कुल 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020-21 में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद एसपी के आदेश पर तत्कालीन सीओ अंशुमान मिश्र की तहरीर पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच में पता चला था कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले कई लोगों ने दलालों की मदद से फर्जी नाम-पते के आधार पर पासपोर्ट बनवा लिया था। जांच में मामला पकड़ में आने और कार्रवाई से पहले ही इनमें अधिकतर लोग विदेश जा चुके थे। जो लोग यहां रह गए थे उनके खिलाफ उसी समय कार्रवाई की गई थी, जबकि जो लोग विदेश जा चुके थे उनके खिलाफ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया था। तभी से विदेशों से लौट रहे फर्जी पासपोर्ट मामले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
खलीलाबाद क्षेत्र के इमलीडीहा गांव निवासी रुद्र प्रताप के नाम से जारी पासपोर्ट पर बैंकाक से लौटे एक युवक को एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम ने बृहस्पतिवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पकड़ा। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी था। जांच में पता चला कि वह मूलत: गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के रानीपुर का रहने वाला है और असली नाम राहुल शाही है। उसने खलीलाबाद के पते पर रुद्र प्रताप के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और उसी के आधार पर बैंकाक चला गया था। इस मामले में उसके खिलाफ खलीलाबाद कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज थी। शुक्रवार को खलीलाबाद पुलिस उसे लखनऊ से ले आई और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
000
दरोगा और सिपाही के खिलाफ भी दर्ज हुई थी प्राथमिकी
वर्ष 2020-21 में तत्कालीन एसपी सत्यजीत गुप्ता के निर्देश पर सीओ अंशुमान मिश्र ने मामले की जांच में 101 पासपोर्ट के सत्यापन में गड़बड़ी पाई थी। इस फर्जीवाड़े में पासपोर्ट सेल में उस समय तैनात रहे एसआई कामेश्वर मिश्र, कांस्टेबल मनोज पटेल व बिचौलिया वीरेंद्र यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सिपाही मनोज पटेल और बिचौलिये वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद से अब तक इस मामले में कुल 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
000
फर्जी पासपोर्ट मामले में एक आरोपी लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। गोरखपुर जिले के गगहा के रहने वाले आरोपी ने खलीलाबाद के पते पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया है।
- सुशील कुमार सिंह, एएसपी