गुलरिहा। क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक टोला डिहवा में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नाजमा खातून पत्नी मोहम्मद शमीम का आरोप है कि 19 मई को वह अपने पट्टीदारों से घर और मकान में हिस्से की मांग कर रही थी। इसी बात को लेकर विपक्षी नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मो. सलीम, हसीना खातून, इसरद जहां और शिखा खातून ने डंडा लेकर उन पर हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि शोर सुनकर उनके पति बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी लात-घूंसे, लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।