दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कुछ अन्य प्रांतों में कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए, गोरखपुर जिला प्रशासन के साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क हो गया है। निर्देश जारी किए गए हैं कि बिना मास्क के एयरपोर्ट परिसर में किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। गोरखपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने मंगलवार को इस संबंध में अपने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर आगाह भी किया है।
बुधवार से जिला प्रशासन को दिल्ली- मुंबई से आने वाले यात्रियों की सूची सौंपने के साथ ही एयरपोर्ट पर भी एंटीजन किट से रैंडम जांच शुरू होगी। इसके लिए टर्मिनल के बाहर बूथ बनाने समेत सभी जरूरी सुविधाएं विकसित कर दी गई है। कोई दिक्कत न हो, इसलिए एयरपोर्ट के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही दो-दो कर्मचारियों की टीम गठित की गई है, जो शिफ्टवार निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेगी कि सभी यात्री मास्क लगाए रहें।
दिल्ली, मुंबई ही नहीं अन्य शहरों के यात्रियों की भी जांच होगी
एयरपोर्ट पर दिल्ली और मुंबई के साथ ही हैदराबाद, बंगलूरू, कोलकाता और प्रयागराज से आने वाले यात्रियों की भी रैंडम जांच की जाएगी। बता दें कि दिल्ली और मुंबई से रोजाना तीन-तीन उड़ान, जबकि हैदराबाद, बंगलूरू, कोलकाता और प्रयागराज के लिए एक-एक उड़ान होती है। एयरपोर्ट से रोजाना करीब तीन हजार यात्री आते-जाते हैं।
गोरखपुर एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने कहा कि एयरपोर्ट पर बिना मास्क पहने आने पर यात्रियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बुधवार से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, बंगलूरू और प्रयागराज से आने वाले यात्रियों की रैंडम कोरोना जांच भी होगी। सभी यात्रियों से अपील है कि वे जांच में सहयोग करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित और मंगलमय हो।