गोरखपुर। सोमवार से शुरू हो रहे नौतपा के बीच रात से मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गोरखपुर समेत प्रदेश के तराई वाले इलाकों में बादल छाने, पारे में गिरावट आने और बारिश के भी संकेत दिए हैं। मई के अंत तक बारिश राहत देगी पर जून से फिर गर्मी सितम ढाएगी।
रविवार को दिन चढ़ने के साथ ही धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा दिखने लगा। एसी-कूलर-पंखे भी गर्मी से राहत नहीं दे सके। लगातार झुलसा देने वाली गर्मी से सोमवार की रात से राहत की उम्मीद जगी है। मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक टीबी सिंह के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 मई की रात से 29 मई तक आसमान में बादलों की आवाजाही रहने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। गोरखपुर जनपद में 28 और 29 मई को बारिश के आसार हैं।
अगले एक सप्ताह तक राहत के संकेत
सोमवार से मौसम के पैटर्न में जो बदलाव होंगे, उसका असर गोरखपुर समेत तराई वाले क्षेत्रों में दिखेगा। रात में होने वाले मौसम में बदलाव से तीन-चार दिन में दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट आ सकती है। हालांकि इस बीत रात में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मई के अंत में अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे रात का पारा भी गिरेगा। हालांकि यह राहत अस्थायी होगी।
अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक, मौसम विभाग उप्र.
बीते पांच दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव
तारीख अधिकतम न्यूतनम
20 मई 39 28
21 मई 41 28
22 मई 39 26
23 मई 42 27
24 मई 41.2 25.1
(नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में)