गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान विभाग की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ऑनलाइन आलेख और कला प्रतियोगिता के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में 120 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर 75 आलेख एवं 45 चित्र ऑनलाइन जमा किए थे। इसकी अंतिम तिथि एक जून थी। जिसका परिणाम दिनांक पांच जून को घोषित किया गया।
आलेख और कला दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कारों के साथ साथ दो-दो छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के सह-संयोजक राकेश जैन ने अमृता देवी के साथ साथ पेड़ों को 18वीं शताब्दी में बचाने वाले 300 से अधिक प्रकृति प्रेमियों को यादकर उनसे प्रेरणा लेने के लिए कहा। प्रो. डीके द्वीवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सत्यपाल सिंह बताया कि कुल चार विषयों पर केंद्रित इस प्रतियोगिता में तीन विश्वविद्यालयों और 30 महाविद्यालय के स्नातक, परास्नातक एवं शोध छात्रों ने भाग लिया। कुलपति के प्रतिनिधि प्रो. वीके गिरी ने भविष्य में और बड़े कार्यक्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बीके पांडेय ने किया।