- अब मंगलवार से बूंदाबांदी के आसार, लेकिन कम नहीं होगा गर्मी का कहर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। अपने मिजाज के अनुसार मौसम लगातार बदल रहा है। शनिवार को हीट वेव का अलर्ट जारी हुआ तो अचानक पुरुवा हवा ने जोर पकड़ लिया। इससे रविवार को दिन में कई बार पारा ऊपर-नीचे गया। हीट वेव नहीं चली, लेकिन पुरुवा हवा के चलते उमस बढ़ी और मौसम विज्ञान की भाषा में इसे हॉट डे के तौर पर रिकार्ड किया गया। फिलहाल, मौसम विभाग ने तेज धूप और चढ़ रहे पारे से कुछ राहत की उम्मीद जताई है। मंगलवार से बारिश के आसार बन रहे हैं, इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट की संभावना जताई है।
इस साल मौसम विभाग ने मई-जून में तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बने रहने और गर्म पछुआ हवा (हीट वेव) चलने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को 41 डिग्री और शनिवार को पारा 42.6 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके बाद रविवार को भी हीट वेव का अनुमान जताया गया था। लेकिन, हीट वेव के अलर्ट के बीच मौसम के तेवर शनिवार रात से ही बदल गए। पश्चिम की ओर से चल रही गर्म हवाएं, रुख बदलने की वजह से ठंडी होने लगीं। रात भर तेज पुरुवा हवाएं चलीं, जिससे तापमान बढ़ने की संभावना कम हो गई। दिन चढ़ने के साथ धूप तो बढ़ी, लेकिन पुरुवा हवाओं के कारण तापमान में इजाफा नहीं हुआ। इस वजह से औसत तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इसके बाद भी लोगों को गर्मी महसूस हुई, और हॉट-डे रिकॉर्ड किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
मौसम वैज्ञानिक जय प्रकाश गुप्ता का कहना है कि आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी और कुछ जगहों पर बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि गर्मी से फिलहाल कोई राहत के आसार नहीं हैं।
कोट
मौसम की गतिविधि में कुछ बदलाव हुए हैं, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बाद भी हॉट-डे रिकॉर्ड किया गया है। आगे बूंदाबांदी के आसार हैं।
- मोहम्मद दानिश, सीनियर साइंटिस्ट, आईएमडी, लखनऊ
ऐसे मौसम में रहें अधिक सतर्क
तापमान में उतार चढ़ाव स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है। दिन का तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे मौसम में शुगर, ब्लड प्रेशर, हर्ट के मरीजों को अधिक सावधान रहना चाहिए। अगर तेज धूप में जाएं तो सिर ढककर जाएं और निकलने से पहले पर्याप्त पानी जरूर पीएं। इसके अलावा डिहाइड्रेशन से बचने के लिए खीरा, ककड़ी, तरबूज आदि का अधिक सेवन करें।
डॉ. राजेश कुमार, फिजिशियन-जिला अस्पताल