गोरखपुर। शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में शुक्रवार को रन फॉर नेचर के साथ वन्यजीव सप्ताह की शुरुआत हुई। दो से आठ अक्तूबर तक चलने वाले सप्ताह के पहले दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद प्राणि उद्यान के कर्मचारियों और दर्शकों ने रन फॉर नेचर में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने परिसर में दौड़ लगाकर वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से वन्यजीवों के संरक्षण के साथ प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की गई। मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक गोरखपुर डॉ. बीसी ब्रह्मा और विशिष्ट अतिथि प्राणि उद्यान गोरखपुर समिति के नामित सदस्य अरविंद विक्रम चौधरी रहे। अतिथियों ने प्राणि उद्यान के कर्मचारियों को वर्दी भी वितरित की। उप निदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।