गीडा इलाके के गहासाड़ में क्लीनिक कर्मचारी ओंकार उपाध्याय की हत्या का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पत्नी और उसके फूफा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि शादी से पहले से पत्नी का सगे फूफा से अनैतिक संबंध था। शादी के बाद भी यह जारी रहा। अब पति को इस बात की भनक लग गई थी और वह रोड़ा बन रहा था। इसी वजह से दोनों ने साजिश रची और फूफा ने हत्या कर दी। पुलिस ने पत्नी और फूफा को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, आला कत्ल को पहले ही पुलिस ने बरामद कर लिया था। पकड़े गए आरोपितों की पहचान बांसगांव के डांगीपार निवासी रामअशीष मिश्रा और नीलम के रूप में हुई है। एसपी नार्थ अरविंद पांडेय ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि रामअशीष, नीलम का सगा फूफा है। दोनों के बीच अनैतिक संबंध था। घटना वाले दिन नीलम से रामअशीष की बातचीत हुई थी। उसके बाद ही नीलम ने पति को फूफा को लाने के लिए कहा था। घर पर उसने झूठ बोल दिया था कि दोस्त के जीजा आने वाले है।
ओंकार ने रामअशीष को बाइक पर बैठा लिया तो रास्ते में पेशाब करने के बहाने रामअशीष ने रोका और कहा कि हेलमेट उतारों देख लू तुम ओंकार ही हो ना। इस पर ओंकार हंसते हुए हेलमेट उतार दिया। जैसे ही उसने हेलमेट उतारा साथ में लाए मूसल से रामअशीष ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को शुरुआती जांच में ही सुराग हाथ लग गए थे और गिरफ्तारी के बाद दोनों ने हत्या की वजह भी उगल दी।
पल भर में अनाथ हो गए दो बच्चे
नीलम और ओंकार की शादी को दस साल गुजर चुके थे। दोनों के एक बेटी और एक बेटा है। दोनों छोटे हैं। पलभर में दोनों के सिर से मां बाप का साया उठ गया। मां की हरकत की वजह से पिता की जान गई और अब वह खुद जेल चली गई है।
पहले भी पत्नी बन चुकी हैं कातिल
कूड़ाघाट की सुषमा हो या शाहपुर की अर्चना, इन दोनों ने भी प्रेम को कलंकित करने वाला कुछ ऐसा ही काम किया था। इन दोनों ने भी प्रेमी से अपने पति की हत्या करा दी थी। एक बार फिर इस तरह की वारदात सामने आने के बाद रिश्तों पर
सवाल खड़ा हो गया है।