जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया चौकी अंतर्गत गायघाट गांव में मंगलवार सुबह खेत में घासनाशी दवा का छिड़काव करते समय 40 वर्षीय मजदूर वीरेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र खेत में घासनाशी दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आने लगा और बेचैनी महसूस हुई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जंगल कौड़िया ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी और तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पीपीगंज पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।