नोकता गांव निवासी मृतक राजेश के रोते बिलखते परिजन
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम नोकता गांव के बेलदारी पुरवा निवासी मजूदर राजेश की मौत से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट गया। पत्नी बेसुध थी। वही मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन गया। मौत से आर्थिक तंगी पर परिवार को लाकर खड़ा कर दिया है।
क्षेत्र के नोकता गांव के बेलदारी पुरवा का मजदूर राजेश कुमार बृहस्पतिवार देर शाम खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर मुखलिसपुर तरफ से मजदूरी करके बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही मुखलिसपुर प्राथमिक विद्यालय के निकट पहुंचा। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया। मौके पर ही राजेश की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को जब राजेश का शव पोस्टमार्टम हाउस से घर पहुंचा। तो घर में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा सामने पति का शव देखने के बाद गिरकर बेहोश हो गई।
मासूम बेटा आकाश पांच वर्ष, सलोनी तीन वर्ष व तान्या दो वर्ष उमड़ी भीड़ के बीच नन्ही आंखो से पिता को तलाश रही थी। उनको पता नही था कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक की मां मैना देवी ने बताया कि राजेश पूरे घर का खर्च चलता था। वह पूरे दिन मजदूरी का काम करता था। मौत से परिवार तबाह हो गया है।