गोरखपुर नगर निकाय चुनावों में इस बार मतदान केंद्र को लेकर मतदाताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लंबे समय से जिस केंद्र पर मतदान करने जाते थे, इस बार दूसरी जगह वोट देने के लिए जाना पड़ा।
बूथ केंद्रों पर तैनात बीएलओ ने भी स्वीकार किया कि वो बाहर के हैं और उनकी तैनाती वार्ड में कर दी गई। ऐसे में घर जाकर सूची में नाम है कि नहीं, ये पता कर पाना मुश्किल भरा था। सेंट एंड्रयूज इंटर कॉलेज में मतदान के लिए पहुंचे कुछ लोगों को गलत पर्ची मिल गई। लाइन में लगने के बाद जब अंदर गए तो पता चला कि इस बार उनका केंद्र बदल कर स्कूल के दूसरे हिस्से में चला गया है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में मतदान के बाद खुली दुकान, गटक गए पांच करोड़ की शराब
रुस्तपुर वार्ड नंबर 70 में राजीव पांडेय अपने परिवार के साथ मतदान करने गए थे। पता चला कि उनका नाम सेंट्रल पब्लिक स्कूल में है, जबकि परिवार के अन्य लोगों को नाम वहां से 100 मीटर दूर गीता बालिका स्कूल में था।
जटाशंकर के पास रहने वाले भोला ने बताया कि हर बार उनका मत डीएवी इंटर कॉलेज में पड़ता था। इस बार नाम बदल गया, खोजने के बाद बीएलओ ने बताया कि बूथ केंद्र बदल गया होगा। डेढ़ घंटे खराब होने के बाद बिना मतदान किए ही लौट गए।