बड़हलगंज में गाड़ियों के रुकने की वजह से परेशान रहे चालक
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज (गोरखपुर)। रूट डायवर्जन की वजह से सड़क यातायात व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई। कानपुर, लखनऊ से सामान लेकर चले बड़े वाहन बड़हलगंज पटना चौराहे के पास रुके हैं। कई वाहन सुबह ही आ गए थे, जो देर रात नो इंट्री खुलने के बाद एक-एक करके निकाले गए। इस वजह से चालकों को काफी परेशानी तो झेलनी ही पड़ी, साथ ही आम लोगों को भी वाहन लेकर चलने में परेशानी झेलनी पड़ी।
दरअसल, लखनऊ से आने वाले वाहनों को बड़हलगंज में गाड़ियों की संख्या अधिक होने की वजह से रोका गया। उन्हें रात में 10 बजे के बाद ही छोड़ा जाना है। इसके पीछे का मकसद है कि अचानक आजमगढ़ या बड़हलगंज में वाहनों की संख्या ज्यादा न हो पाए, क्योंकि देवरिया से भी चार पहिया वाहन डायवर्ट कर इसी रास्ते से निकाले जा रहे हैं।
सात घंटे जाम में ही गुजर गए
मेहरौली से सीमेंट लेकर मऊ जाना है। बहुत आराम से चलते तो भी अपनी मंजिल तक छह से सात घंटे में पहुंच ही जाते। लेकिन, आज का आलम यह है कि सात घंटे जाम में ही गुजर गए। अभी कितना समय और लगेगा मालूम नहीं। इस ठंड में काफी परेशानी हो रही है।
- राजू यादव, ट्रेलर चालक
समय से ऑर्डर ही नहीं पहुंचा पाऊंगा
गोरखपुर से वाराणसी मुर्गी दाना लेकर जा रहा हूं। आज ही सामान पहुंचाना है, लेकिन जिस तरह से सुबह से ही जाम में फंसा हूं। लगता नहीं है कि समय से ऑर्डर पहुंचा पाऊंगा। कई बार फोन भी आया, लेकिन क्या कर सकते हैं।
- विपिन सिंह, डीसीएम चालक