गोरखपुर। लगातार दूसरे दिन बारिश नहीं होने से लोग तीखी धूप के चलते गर्मी व उमस से बेहाल रहे। हालांकि आसमान में घने काले बादल छाने से लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन बारिश नहीं होने से मायूस हो गए। मौसम विज्ञान विभाग ने अभी दो दिन ऐसे ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
बृहस्पतिवार की सुबह से ही तीखी धूप निकलने से लोग गर्मी भरी उमस से परेशान होने लगे। पूरे दिन मौसम रंग बदलता रहा। हालांकि दिन में समय-समय पर ठंडी हवा चलने व आसमान में काले घने बादल छाने से थोड़ी राहत महसूस की। लेकिन कुछ समय बाद फिर मौसम उसी प्रकार होने से लोग गर्मी व उमस से परेशान होने लगे।
बृहस्पतिवार को दिन में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहने से लोग पूरे दिन उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। मौसम विभाग ने अभी दो दिन ऐसे में मौसम रहने का अनुमान जताया है।