गोरखपुर। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद सोमवार को मौसम ने करवट ली। आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली। धूप निकलने के साथ ही उमस बढ़ गई और तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बारिश थमने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से जूझ रहे लोगों को भी कुछ राहत मिली।
मौसम में बदलाव के साथ दिन में गर्मी और उमस का असर बढ़ा। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा था। सड़क, बाजार और आवागमन पर भी इसका असर पड़ा था। सोमवार को बारिश नहीं होने से सामान्य गतिविधियां धीरे-धीरे पटरी पर लौटती दिखीं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी गौतम कुमार गुप्ता ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रतिकूल मौसम की स्थिति में आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। अगले पांच दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस का असर भी बढ़ सकता है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल बनने और हल्की बारिश की संभावना से पूरी तरह इन्कार नहीं किया जा सकता।