गोरखपुर। शहर के बेतियाहाता स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क रोड पर हल्की बारिश के बाद भी जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। सड़क पर करीब 150 मीटर तक पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो जाता है। राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों के अनुसार, यहां नाला सफाई व सड़क ऊंची होने से समस्या का समाधान हो सकता है।
यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा हो जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। कई बार राहगीरों बच्चों व मरीजों के साथ तीमारदार को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुछ दिन पहले हुई बारिश में भी सड़क पर काफी जलभराव हो गया था। पंप लगाकर पानी निकाला गया लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। वहीं अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के अनुसार फोरलेन पर नाला निर्माण चल रहा है, इसके पूरा होते ही समस्या का समाधान हो जाएगा।