- एम्स थाना क्षेत्र का मामला, पड़ोसी समेत पांच पर मारपीट कर सहायक अभियंता को दांत से काटने का भी आरोप
- एम्स पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के दरगहिया स्थित जीतपुर नंदानगर में किराये के मकान में रहने वाले जल निगम के एई हरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी वंदना के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर पड़ोसी अनोखेलाल व उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने अनोखेलाल समेत पांच पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, हरेंद्र सिंह की पत्नी वंदना जगत सिंह ने बताया कि 17 फरवरी को पूर्वांह्न 11 बजे ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले अनोखेलाल की बेटी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर हाथापाई की गई। करीब दस मिनट बाद अनोखेलाल भी पहुंच गए और जान से मारने की धमकी दी। उस दौरान जल निगम (नगरीय) गोरखपुर में सहायक अभियंता (एई) पद पर कार्यरत हरेंद्र सिंह घर पर नहीं थे। पीड़िता के मुताबिक, अनोखेलाल के साथ उनका भाई और एक अज्ञात व्यक्ति ने भी धमकियां दीं। शाम चार बजे दोबारा कुछ लोगों को बुलाकर गाली-गलौज की गई। रात करीब आठ बजे जब पीड़िता के पति हरेंद्र सिंह घर पहुंचे तो अनोखेलाल, उनका भाई, बेटी व दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि अनोखेलाल ने हरेंद्र सिंह के दाहिने हाथ को दांत से काट भी लिया। सीने और सिर पर वार किया। बचाव में पीड़िता वंदना, उनका बेटा और बेटी आई तो उनके साथ भी मारपीट की गई। वंदना ने बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं। घटना के दौरान वह बेहोश हो गई थीं।
पीड़िता ने तहरीर की प्रतिलिपि मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी को भी भेजी है। पीड़िता ने अनुसार, उनके पति ‘गोड़धोइया नाला’ निर्माण कार्य में तैनात हैं। एम्स थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।