नौसड़ वार्ड : घर से बाहर निकलने को ट्यूब की बनाई नाव
गोरखपुर। बारिश को थमे हुए 48 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन नौसड़ वार्ड से सटे इलाके के कई घर अब भी पानी से घिरे हैं। इन घरों के लोगों ने घर से बाहर निकलने के लिए ट्यूब की नाव बनाई है। इस नाव पर सवार होकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल कर सड़क पर पहुंचते हैं। इसके बाद रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा कर पाते हैं।
दरअसल, नगर निगम के विस्तार के बाद नौसड़ से सटा इलाका पिपरी अब निगम का हिस्सा है। इस इलाके के एकला शिव मंदिर के पास 30 से ज्यादा घर हैं जो पूरी तौर पर पानी में घिरे हुए हैं। एकला बांध के पास एक पुलिया बनी है, जिससे इस इलाके का पानी राप्ती नदी में चला जाता है। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों ने इस पुलिया को बंद कर दिया, ताकि राप्ती का पानी इलाके में न घुसे।
राप्ती नदी का पानी इस इलाके में आने से तो रुक गया, लेकिन बारिश का पानी इलाके से बाहर नहीं निकल सका, लिहाजा जलभराव होने लगा। अब इस इलाके में बारिश के बाद जलभराव से लोग परेशान हैं और घर से बार निकलने के लिए विभिन्न जुगाड़ कर रहे हैं।
- हम लोगों के लिए बारिश का मौसम मुसीबत लेकर आता है। पूरा इलाका टापू बन जाता है। काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। -जय हिंद
- घर से बाहर आने-जाने के लिए ट्यूब को बांध कर नाव जैसा बना लिए हैं। इसी से घर से बाहर आवाजाही करते हैं।- जितेंद्र निषाद
- पिछले करीब डेढ़ महीने से पूरा इलाका पानी से घिरा हुआ है। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद से परेशानी शुरू हो गई है।-भोलई निषाद
- हम लोग तो एक तरह से अपने अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। घर से बाहर निकलना भी नहीं के बराबर हो पाता है। -गीता देवी