शुक्रवार शाम को चरगांवा पीएचसी में वार्ड ब्वाय व चिकित्सक के बीच हुई थी कहासुनी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चरगांवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक से दुर्व्यवहार करने के आरोपी वार्ड ब्वाय को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उसने नशे की हालत में चिकित्सक को जाति सूचक गाली दी और उपकरण आदि तोड़ दिया। इस मामले में डॉ. संतोष कुमार की तहरीर पर शाहपुर पुलिस वार्ड ब्वाय प्रदीप श्रीवास्तव के खिलाफ एससी एसटी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
डॉ. संतोष कुमार की शुक्रवार रात में इमरजेंसी ड्यूटी थी। आरोप है कि खुटहन स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वार्ड ब्वाय प्रदीप श्रीवास्तव शराब के नशे में पहुंचा और एक मरीज के परिजन से दुर्व्यवहार करने लगा। डॉ. संतोष ने मना किया तो उनसे भी उलझ गया और गाली देने लगा। मना करने पर बीपी मशीन और इमरजेंसी उपकरण जमीन पर पटक कर तोड़ दिया।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि इस मामले में डॉक्टर की शिकायत और प्रभारी चिकित्साधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी वार्ड ब्वाय को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।