प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में इंडियन रेलवे ने नार्दन रेलवे को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। जूनियर हाईस्कूल के मैदान पर 62वीं बाबा शक्ति सिंह स्मृति राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
पुरुष वर्ग का दूसरा मैच गुजरात स्टेट और एनई रेलवे के बीच खेला गया। पहला सेट गुजरात स्टेट ने 25-18 से जीता। दूसरे और तीसरे सेट में एनई रेलवे के सौरव और रोहित की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए 25-23, 26-24 से जीत दर्ज की। तीसरे सेट में दोनों टीमों में एक-एक अंक को लेकर जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
चौथे सेट में गुजरात स्टेट के रोहित यादव एवं पार्थ पटेल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 25-17 से इसे जीत लिया। पांचवें व निर्णायक सेट में एनई रेलवे ने आसानी से 15-13 से हराकर 3-2 से जीत दर्ज की।
तीसरा मैच पंजाब पुलिस और ओएनजीसी देहरादून के बीच खेला गया। पहला सेट ओएनजीसी ने 25-13 से जीता तो दूसरा सेट पंजाब पुलिस ने 25-22 से जीत कर बराबरी की। तीसरा सेट ओएनजीसी के पक्ष में एकतरफा रहा। उसने आसानी से इसे 25 -11 अंक से जीत लिया। चौथा सेट पंजाब पुलिस ने 25 -13 से जीत कर स्पर्धा बराबरी पर कर दिया।
पांचवें सेट को ओएनजीसी ने 15-08 से पंजाब पुलिस को हरा कर मैच को 3-2 से अपने नाम कर लिया। इससे पूर्व प्रतियोगिता के अतिथिगण डॉ. संजय सिंह, विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह व विधायक (रसड़ा) उमाशंकर सिंह ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अजीत सिंह, रणजीत शाही, रितेश सिंह, लालू सिंह, विनोद सिंह, जयंत सिंह, अनूप सिंह, प्रिंस सिंह, राधे सिंह, राघवेंद्र सिंह, टिंकू सिंह आदि मौजूद थे ।