- खेल विभाग की ओर से राज्य स्तरीय सब जूनियर वॉलीबाॅल प्रतियोगिता का उद्घाटन
- प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडल, दो स्पोर्ट्स कॉलेज और चार हॉस्टल के 400 खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिभाग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खेल विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता का उद्घाटन मंगलवार को हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में गोरखपुर ने बस्ती मंडल की टीम को 25-18 और 26-24 अंकों के अंतर से पराजित कर आगे की राह बनाई।
प्रतियोगिता का पहला मैच गोरखपुर बनाम बस्ती मंडल के मध्य खेला गया, जिसमें गोरखपुर ने बस्ती मंडल को 25-18, 26-24 अंकों के अंतर से पराजित किया।
दूसरा मैच बरेली बनाम सहारनपुर मंडल के मध्य खेला गया। बरेली ने सहारनपुर को 25-21, 25-21 अंकों के अंतर से पराजित किया। तीसरा मैच आजमगढ़ बनाम कानपुर मंडल के मध्य खेला गया। इसमें आजमगढ़ ने कानपुर को 25-12 और 25-13 अंको के अंतर से हराया। वहीं, चौथा मैच वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज बनाम बांदा छात्रावास के मध्य खेला गया। इसमें वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज ने बांदा छात्रावास को 25-17 और 25-17 अंकों के अंतर से पराजित किया। पांचवां मैच गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज बनाम देवी पाटन के मध्य खेला गया। इसमें गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज ने देवी पाटन को 25-11, 25-16 अंकों से हराया। छठवां मैच देवरिया छात्रावास बनाम वाराणसी के मध्य खेला गया। इसमें देवरिया छात्रावास ने वाराणसी को 25-15 और 25-16 अंकों के अंतर से पराजित किया। सातवां मैच प्रयागराज बनाम अयोध्या के मध्य खेला गया जिसमें प्रयागराज ने अयोध्या को 25-13 और 25-17 अंकों के अंतर से हराया। आठवां मैच आजमगढ़ बनाम देवीपाटन के मध्य खेला गया।आजमगढ़ ने देवीपाटन को 25-14 और 25-14 अंको के अंतर से हराया। दिन का अंतिम मुकाबला बस्ती बनाम झांसी मंडल के मध्य खेला गया। इसमें बस्ती मंडल ने झांसी को 25-14, 25-15 अंकों के अंतर से पराजित कर आगे की राह बनाई।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला वॉलीबाॅल संघ के सचिव बीएन मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 मंडल के साथ चार स्पोर्ट्स हॉस्टल और दो स्पोर्ट्स कॉलेज के 400 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।
इस अवसर पर डिप्टी आरएसओ आजाद सिंह, वीर सिंह, श्याम नारायण शुक्ला, रमेश राय, संदीप पुंडीर, शंभूनाथ गुप्ता, रत्नेश सिंह, अभिमन्यु राय, विवेक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।