गोरखपुर। जंगल चौरी स्थित केंद्रीय भंडार, लघु सिंचाई विभाग परिसर में बृहस्पतिवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना व हवन का आयोजन किया गया। अधिशासी अभियंता हरि ओम मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विभाग की उन्नति और निरंतर प्रगति की कामना की। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, बोरिंग टेक्नीशियन, सहायक बोरिंग टेक्नीशियन समेत खंड, उपखंड और अधीक्षण अभियंता कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से हवन में आहुतियां देकर विभागीय कार्यों में सफलता और जनहित के कार्यों को गति देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर विभागीय एकजुटता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने किसानों के खेतों तक खुशहाली पहुंचाने के लिए विभागीय कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।