कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ने के साथ लोगों में खुद ही जागरूकता बढ़ गई। बाहर से कमाकर लौटने वालों को बगैर स्वास्थ्य जांच कराए लोग गांव में प्रवेश करने से मना कर दे रहे है। ऐसा ही मामला पौली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा में सामने आया है।
ग्रामीणों ने बाहर से आने वाले लोगों को रोकने के लिए रास्ते में बांस- बल्ली का बैरियर तक लगा दिया है। इधर सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ ग्राम पंचायतें भी बचाव में आगे आ गई है। सफाई कर्मियों के साथ ग्रामीण भी सफाई कार्य में आगे आ गए है।
इधर प्रशासन गैर प्रांतों से कमा कर लौटने वालों का मैपिंग करना शुरू कर दिया है। अभी तक 1400 लोग बाहर से अपने घरों को लौटे है। जिन्हें उनके घरों पर सैनिटाईज करा दिया है। प्रत्येक ब्लॉकों में दो- दो स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगा दी गई है।
कोरोना वायरस से फैली महामारी को रोकने के लिए शासन- प्रशासन जहां गंभीर है, वहीं आम आदमी भी अपना बचाव खुद करने की ओर अग्रसर है। प्रशासन के आंकडों के मुताबिक अब तक 125 लोग विदेशों से लौटे है। जबकि करीब 1400 लोग विभिन्न प्रांतों से कमाकर घर वापसी कर चुके है। इधर शासन ने 27 मार्च तक समूचे प्रदेश को लॉकडाउन कर दिया है।
लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। इधर ग्रामीण बाहर से लौटने वालों पर नजर रख रहे है। जैसे ही लोग कमाकर लौट रहे है, ग्रामीण उसकी सूचना प्रशासन को देने के साथ उन्हें बगैर स्वास्थ्य जांच कराए गांव में नहीं घुसने की चेतावनी दे रहे है।
एडीएम संजय पांडेय ने बताया कि 125 लोग विदेश से तो करीब 1400 लोग विभिन्न प्रांतों से लौट चुके है। जिले में नौ ब्लॉक है। प्रत्येक ब्लॉक में दो- दो स्वास्थ्य की टीमें लगा दी गई है। जैसे ही कोई बाहर से गांव लौटेगा और सूचना मिलेगी तो चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंचेगी और उनका स्वास्थ्य जांच करके घर पर ही रहने की सलाह देगी। यदि गंभीर स्थिति दिखी तभी चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया जाएगा।