- मेष राशि से अपनी राशि वृषभ में शनिवार को अपराह्न 03:47 बजे प्रवेश करेंगे शुक्र
- अपनी राशि में आने के कारण देंगे सबसे ज्यादा लाभ
गोरखपुर। सुख, समृद्धि और वैभव के कारक ग्रह शुक्र, मेष राशि से निकलकर शनिवार को अपनी ही राशि वृषभ में प्रवेश करेंगे। यह परिवर्तन अपराह्न 3:47 बजे होगा, जो कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आ रहा है।
ज्योतिर्विद पंडित नरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि अपनी राशि में आने के कारण शुक्र का प्रभाव और अधिक मजबूत रहेगा। इससे भौतिक सुख-सुविधाओं, धन और रिश्तों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है। इस कारण मेष, वृषभ, कर्क और कुंभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है। इन राशियों के लोगों को आर्थिक मजबूती, कॅरिअर में प्रगति और पारिवारिक सुख मिलने के योग बनेंगे। वहीं प्रेम संबंधों में भी मधुरता बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि दूसरी ओर मिथुन, तुला और धनु राशि के लोगों को इस दौरान थोड़ा सावधान रहने की आवश्यकता है, थोड़ी परेशानी हो सकती है। अनावश्यक खर्च, मानसिक तनाव या कार्यों में बाधा जैसी स्थितियां बन सकती हैं। इसलिए सोच-समझकर निर्णय लेना बेहतर रहेगा। बाकी सभी राशियों सिंह, कन्या, वृश्चिक, मकर व मीन राशि के लोगों के लिए यह परिवर्तन सामान्य फलदायी रहेगा। इनको पूजा-अर्चना व अच्छे कर्मों का फल मिलेगा।
गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वेद विभाग के अध्यक्ष डॉ. रंगनाथ त्रिपाठी के अनुसार, शुक्र का यह राशि परिवर्तन अधिकांश लोगों के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डालने वाला साबित होगा। यह अपने घर में आएंगे जिससे लगभग सभी को कुछ न कुछ लाभ देंगे। इसके पहले इनका राशि परिवर्तन 26 मार्च को हुआ था।