गोरखपुर। पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित और सुरक्षित कारोबार की सुविधा देने के लिए नगर निगम शहर के स्ट्रीट वेंडिंग जोन को मॉडल रूप में विकसित करेगा। नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न वेंडिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सुविधाएं बढ़ाने और वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
आंबेडकर चौराहा स्थित जजेज कंपाउंड वेंडिंग जोन में दुकानदारों को धूप और बारिश से बचाने के लिए शेड बनाया जाएगा। आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए तीन गेट लगाए जाएंगे। इसके अलावा सभी दुकानों को एकरूपता और बेहतर स्वरूप देने के लिए आधुनिक मॉडल कार्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
शास्त्री चौक स्थित चकबंदी कार्यालय के बगल में वेंडिंग जोन में इंटरलॉकिंग का काम कराया जाएगा। रात में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्टनगर और रुस्तमपुर स्थित वेंडिंग जोन का भी निरीक्षण किया। यहां दुकानदारों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम के सभी वेंडिंग जोन में आकर्षक सूचना पट भी लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों से कहा कि वेंडिंग जोन इस तरह विकसित किए जाएं, जिससे दुकानदारों को सम्मानजनक कार्यस्थल मिलने के साथ लोगों को भी खरीदारी में सुविधा हो। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन, परियोजना अधिकारी सुदीप कुमार, मुख्य अभियंता अमित कुमार, एक्सईएन अशोक कुमार भाटी, आर्यन मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।